Monday, December 20, 2021

वो जोर से हँसने लगी अब देखकर चहरा मेरा

 

वो जोर से हँसने लगी अब देखकर चहरा मेरा,
हैरान था मैं सोचकर कि क्या यही रुतबा मेरा ।

तोड़ा है उसने इस तरह लिख कर मुझे इक बेवफा,
क्या दिल में लेके आया था अब अक्स क्या उभरा मेरा ।

बैचैन हूँ उलझा भी हूँ दस्तक जो दिल पे थी तेरी,
पर क्या करूँ ये दिल नहीं है अब तलक पिघला मेरा ।

सहता रहा नफरत यहाँ हँसती रही खामोशियाँ,
मायूस सा तकता रहा उठता रहा परदा मेरा ।

ये ज़लज़ला था कैसा जो इज़्ज़त बहा के ले गया,
मैं देखता ही रह गया बिकता रहा जलवा मेरा ।

क्या मुफलिसी बन कर मिली इंसान के अब भेष में,
क्या गिर गया हूँ इतना मैं क्या गिर गया लहजा मेरा ।

जिन महफिलों में गा रहा था ग़ज़लें उनके नाम की,
उन महफिलों में हर जगह था चल रहा फ़तवा मेरा ।

हर्ष महाजन 'हर्ष' ©
2212 2212 2212 2212
"इक रास्ता है ज़िंदगी जो थम गये तो कुछ नहीं"
"जीना यहाँ मरना यहाँ इसके सिवा जाना कहाँ"


Friday, December 17, 2021

मिट्टी की सोंधी खुशबू मिलेगी जिधर

मिट्टी की सोंधी खुशबू मिलेगी जिधर,
गीत हम धड़कनों पे सुना दें उधर ।

तुम चले आना दिल जब भी मचले तेरा,
खोल देंगे मुहब्बत से अपना जिगर ।

हक मुहब्बत का हमने अदा कर दिया,
तुम दिखा दो हमें अब तो अपना हुनर ।

नेक राहों पे चल के है खोया बहुत,
अब बता दो हमें अब कि जाएं किधर ।

जब भी आओगे तुम देना दस्तक  हमें,
प्यार से इक ग़ज़ल गा देंगे हम इधर ।

हर्ष महाजन 'हर्ष'©
212 212 212 212

Wednesday, December 8, 2021

था तो वो अजनबी फिर भी जालिम नहीं

अश्क़ पीता रहा अर पिलाता रहा,
बेबसी में मुहब्बत निभाता रहा ।

वो न मेरा हुआ अर न अपना मगर,
वो रकीबों में महफ़िल सजाता रहा ।

था तो वो अजनबी फिर भी जालिम नहीं,
मेरे ज़ख़्मों पे मरहम लगाता रहा ।

जब अना भी मेरी आसमाँ छू रही,
तब भी कदमों में ख़ुद को झुकाता रहा ।

उसकी राहों से जब भी गुजरता कभी,
अलविदा पे वो आँसू गिराता रहा ।  

दिल है वीराँ कहे जब मिले राहों में ,
खुद भी जलता मुझे भी जलाता रहा ।

मैनें नफरत भी उससे बहुत की मगर,
उसका हूँ मैं नसीबा बताता रहा ।

आके ख्वाबों में रातों को इक उम्र से,
खुद भी रोता, मुझे भी रुलाता रहा ।

आस में वो भटकता कई जन्मों से,
कब्र पर मेरी दीपक जलाता रहा ।

हर्ष महाजन 'हर्ष' ©
2 12 212 212 212

Monday, November 29, 2021

ओस की बूंदें जब हमको मोती लगें,

ओस की बूंदें जब हमको मोती लगें,

दूबों पर टिकती हमको वो सोती लगें ।


उँगलियों से उन्हें छू के देखूँ मैं जब,

वो सितारों को खुद में ही खोती लगें ।


मुट्ठियों में कभी बन्द कर लूँ भी गर,

जो लकीरें है हाथों में धोती लगें ।


जब वो पत्तों से छल-छल सी धुन वो करें,

गिर के टप-टप वो सुंदर सी मोती लगें ।


उँगली के पोरों पे कैद जब भी करूँ,

दिल में उठती उमंगों को ढोती लगें ।


हर्ष महाजन 'हर्ष'

212 212 212 212

Tuesday, October 26, 2021

मेरे हर सफ़ऱ में अगर तुम न होते

 

मेरे हर सफ़ऱ में अगर तुम न होते,
ग़मों में गुजरती खिजां रोते-रोते |

हैं दुश्मन मिरे इस जहां में बहुत अब,
समंदर-ए-वफ़ा में लगे थे जो गोते ।

यूँ लिखते हुए 'गम' कलम डगमगाए
थका हूँ मैं साहिल ये हुनर ढोते-ढोते |

पहर आखिरी जब शब्-ए-हिज्राँ बीती,
लुटे हम ख़ुदी में फ़लक होते-होते |

सितम ज़िन्दगी ने किये हैं मुसलसल,
मगर कर्मों को मैं थका धोते-धोते ।

.हर्ष महाजन 'हर्ष'

122 122 122 122

ख़ुदी=अहँकार


Sunday, October 17, 2021

बड़ी चोट खाई जवां होते-होते

 

बड़ी चोट खाई जवां होते-होते,
यूँ गुजरे थे हम इश्क़ में रोते-रोते ।

ज़माने ने लिख दी अजब बेवफाई,
ये इल्जाम ले हम थके ढोते-ढोते  ।

यूँ किसके लिए हम बता अब तू साहिल,
कभी तो तू ख्वाबों में मिल सोते-सोते ।

तमन्ना है फुरसत से जुल्फों को तेरी,
संवारेंगे हाथों सहम खोते-खोते ।

बसर हो न अब ज़िंदगानी ये तेरी,
ये रिसते हुए ज़ख़्म अब धोते-धोते ।

--हर्ष महाजन 'हर्ष' ©
"तेरे प्यार का आसरा चाहता हूँ'


Friday, October 8, 2021

मुझको वो मेरे गुनाहों की सज़ा देते हैं

 

मुझको वो मेरे गुनाहों की सज़ा देते हैं, 
ज़ह्र देते है वो फिर खुद ही दवा देते है ।

खौफ़ दुनिया का है जो इश्क खता कहते हैं, 
करके शोला ये बदन फिर क्यूँ हवा देते हैं |

इश्क भी करते हैं वो ज़ह्र असर होने तक, 
ज़ख़्म भी देते हैं वो फिर क्यूँ दुआ देते हैं |

बे-वफ़ा है वो मगर दिल है कि मानेगा नहीं,
दर्द शेरों से मेरे दिल के हरा देते हैं |

'हर्ष" जब कहता है खुद को ही बगावत कर ले,
खुद यूँ हाथों की लकीरों को मिटा देते है ।

___हर्ष महाजन 'हर्ष'©
9 अक्टूबर 2012
2122 1122 1122 22